-परिजनों ने चार लोगों पर जताया शक, पुलिस ने एक युवक को उठाया
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र में इलियास नामक व्यक्ति पर सरेआम फायरिंग कर दी गई। एक बाइक पर आए 3 नकाबपोश बदमाशों ने गोलियां बरसाईं। एक गोली पैर और एक गोली कंधे में लगी है। गोली की आवाज सुनकर मौके पर भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर हमलावरों की तलाश कर रही है। घरवालों ने 4 लोगों पर हमले का शक जताया है। जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।
घरवालों ने पुलिस को बताया कि मेवगढ़ी निवासी 53 वर्षीय इलियास ईशा की नमाज पढ़ने के लिए मस्जिद गया था। घर से 100 मीटर की दूरी पर बिस्मिल्लाह मस्जिद हैं। जैसे ही इलियास नमाज पढ़कर मस्जिद से बाहर निकला और घर की ओर जाने लगा तो एक स्पलैंडर बाइक पर तीन नकाबपोश युवक आए। उन्होंने इलियास पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में गोली इलियास के पैर और एक गोली उसके कंधे में लगी। हमला करके हमलावर बाइक से ही फरार हो गए। जबकि इलियास वहीं गिर पड़ा। तभी मौके पर चीख पुकार मच गई। इलियास के घरवालों को भी मौके पर बुलाया गया। घरवाले उसे तुरंत अंबा अस्पताल ले गए हैं। जहां इलाज चल रहा है। इस अंबा अस्पताल में इलियास का बेटा कंपाउंडर है।
जावेद हत्याकांड से तार जोड़ रही पुलिस
बताया जा रहा है कि इलियास 2019 में फतेहउल्लापुर रोड में हुई जावेद पहलवान की हत्या के मामले में जेल में सजा काटकर आया है। लगभग दो साल की जेल काटकर आया है। अभी साल भर पहले ही इलियास जेल से बाहर आया है। माना जा रहा है कि उसी हत्या के चक्कर में रंजिशन यह फायरिंग की गई हैं। वहीं पिछले दिनों सुभाष नगर में सलीम दीवाना की हत्या हुई थी। इस हत्या में जावेद पहलवान के भाई साबिर का नाम आया था, उस पर भी इस फायरिंग का शक परिवार ने जताया है। परिवार ने पुलिस को चार लोगों के नाम बताए हैं। पुलिस इन नामों को उजागर नहीं कर रही, लेकिन उन लोगों की तलाश कर रही है।
परिजनों ने रंजिश की घटना से किया इंकार
इलियास के बेटे सबा ने बताया कि पापा पास में ही मस्जिद में नमाज पढ़ने गए थे। सारे लोग मस्जिद से बाहर आ गए थे, केवल लास्ट में ये दो लोग अंदर थे। जब पापा बाहर निकले तो दो आदमी थे। एक ने हेलमेट पहन रखा था एक ने ढाटा लगा रखा था। उन्होंने गोली चलाई, एक ने पैर में और एक ने सिर में गोली मारी और भाग गए। हम उन्हें पहचान नहीं पाए, हमारी कोई रंजिश तो नहीं हैं। पापा को अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया है।
पीड़ित ने जमीन का विवाद बताया
एएसपी अंतरिक्ष जैन ने बताया कि थाना लिसाड़ीगेट पुलिस को सूचना मिली थी इलियास पुत्र अनवार को गोली लगी है। घायल ने अपने बयानों में बताया कि उसका किसी से जमीन का विवाद चल रहा है। कुछ लोगों पर शक जताया गया है, इसमें एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है, उससे पूछताछ हो रही है। पुलिस ने दो टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
No comments:
Post a Comment