Thursday, September 4, 2025

खेलते समय 3 साल का मासूम नाले में गिरा, सर्च अभियान जारी



-मां के साथ नाना के घर आया था बच्चा, बारिश के कारण पानी का बहाव तेज

नित्य संदेश ब्यूरो 
सरूरपुर। कस्बा हर्रा में बुधवार को खेलते समय 3 साल का मासूम सादिक नाले में गिर गया और अब तक लापता है। जानकारी के अनुसार, सादिक हिना पुत्री हारुन का बेटा है। हिना की शादी खेड़ी शिकरोड़ा गाँव में सोनू के साथ हुई थी और वह अपने बेटे सादिक को लेकर लगभग एक सप्ताह पहले अपने पिता हारुन के घर कस्बा हर्रा आई थी।

मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार को बच्चा घर के पास खेल रहा था, तभी तेज बहाव वाले नाले में गिर गया। भारी बारिश के कारण नाले का पानी असामान्य रूप से तेज बहाव में था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचकर बच्चे की खोज में जुट गए। घंटों की कोशिशों के बाद भी बच्चा नहीं मिला। सर्च अभियान में जेसीबी का उपयोग किया गया और स्थानीय प्रशासन भी पूरे प्रयास में लगा हुआ है। मासूम सादिक के पिता सोनू और माता हिना रो-रो कर बुरे हाल में हैं। पूरे कस्बे में गम का माहौल है और लोग परिवार के दुःख में शरीक हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि खोजबीन को तेजी से आगे बढ़ाया जाए और मासूम को जल्द सुरक्षित वापस लाया जाए। घटना के बाद आसपास के बच्चों को नाले के पास खेलने से रोका गया है।

प्रशासन ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
थाना प्रभारी अजय शुक्ला ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। सर्च ऑपरेशन में तेज बहाव के कारण कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। बच्चे की तलाश अभी जारी है।

जनप्रतिनिधियों ने उठाई सुरक्षा व्यवस्था की मांग
पूर्व चेयरमैन गुलज़ार चौधरी समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि कस्बे के सभी खुले नालों को ढंका जाए और भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जाए। ग्रामीण प्रशासन पर दबाव बना रहे हैं कि बचाव कार्य को तेज किया जाए और नाले की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

No comments:

Post a Comment