Friday, August 15, 2025

राष्ट्रीय गौरव के प्रतीक तिरंगे की यात्रा निकाली

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। शहीद मंगल पांडे राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 79वां राष्ट्रीय स्वतंत्रता दिवस अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। महाविद्यालय प्राचार्य प्रोफेसर अंजू सिंह द्वारा तिरंगा ध्वजारोहण करके इस राष्ट्रीय पर्व का शुभारंभ किया गया। 

सह समारोहिका प्रो. ऊषा साहनी ने निदेशक उच्च शिक्षा, उत्तर प्रदेश प्रयागराज द्वारा प्रेषित स्वतंत्रता दिवस संदेश का वाचन किया। समस्त महाविद्यालय परिवार द्वारा प्राचार्य के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में राष्ट्रीय गौरव के प्रतीक तिरंगे की यात्रा निकाली गई। प्राचार्य तथा प्राध्यापकगणों द्वारा सरस्वती पूजन और शहीद मंगल पाण्डे की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के पश्चात सभागार में कार्यक्रम का शुभारंभ किया। संगीत विभाग की छात्राओं ने समूह गीत- वन्दे मातरम्... का मधुर स्वरों में गायन किया। समीक्षा ने देशभक्ति गीत - देस रंगीला रंगीला... पर सुन्दर नृत्य किया। एम. ए.की छात्रा इशिका ने प्रभावी भाषण दिया। एन. सी.सी.छात्राओं ने देशभक्ति गीत पर जोशीला नृत्य प्रस्तुत किया। 
प्रो. रामचन्द्र सिंह ने' मेरा संविधान मेरा अभिमान 'विषय पर अपने उद्बोधन में संविधान में प्रदत्त विभिन्न अधिकारों की गारंटी पर प्रकाश डाला। बी. ए. द्वितीय वर्ष की छात्रा वर्णिका ने मनभावन नृत्य किया .छात्राओं ने देशभक्ति समूह गान - जन जन भारत का मधुर गायन किया।  वरिष्ठ प्राध्यापिका प्रो. भारती दीक्षित ने अपने उद्बोधन में भारत की उत्तरोत्तर विकसित होती अर्थ व्यवस्था और बढ़ती आत्मनिर्भरता पर तथ्यात्मक प्रकाश डाला। एन. सी. सी. कैडेट आरुषि सिंह को प्राचार्य द्वारा अण्डर ऑफिसर की रैंक प्रदान की गई।

महाविद्यालय प्राचार्य ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि विभाजन की विभीषिका झेलकर भी भारत राष्ट्र ने विश्व में उच्च स्थान प्राप्त किया है और विश्व की चतुर्थ अर्थव्यवस्था बना है। उन्होंने सभी को अपने कर्तव्य निर्वहन के लिए प्रेरित किया। 

समारोह के अंत में स्वैच्छिक श्रमदान के तहत एनसीसी इकाई, रेंजर्स इकाई और एनएसएस इकाइयों ने स्वच्छता अभियान चलाया। प्राध्यापकों और कार्यालयकर्मियों ने भी स्वच्छता अभियान में योगदान किया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम का संचालन सह समारोहिका प्रो. ऊषा साहनी ने किया। रिपोर्ट लेखन कार्य डॉ. नीता सक्सेना द्वारा किया गया।
 

No comments:

Post a Comment