Monday, June 2, 2025

विवेचना निस्तारण अभियान में अंसतोषजनक प्रदर्शन करने पर क्षेत्राधिकारी अनूपशहर व सदर देहात मेरठ का स्पष्टीकरण तलब

 


पिछली समीक्षा के बाद विवेचना निस्तारण मे सर्किल सरधना, सिकन्द्राबाद एवं हापुड़ नगर का प्रदर्शन रहा सराहनीय

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। पुलिस उप महानिरीक्षक कलानिधि नैथानी द्वारा विवेचना निस्तारण के लिए परिक्षेत्र स्तर पर ऑपरेशन विवेचना अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अन्तर्गत परिक्षेत्र के जनपद मेरठ, बुलन्दशहर, बागपत व हापुड़ की 31 मई तक सीसीटीएनएस पोर्टल पर प्रदर्शित लम्बित विवेचनाओं की कैम्प कार्यालय पर सर्किलवार समीक्षा की गयी।


डीआईजी ने बताया कि लम्बित विवेचनाओं की सर्किलवार समीक्षा से सर्किल सदर देहात जनपद मेरठ व अनूपशहर जनपद बुलन्दशहर का असंतोषजनक प्रदर्शन रहा है, दोनों ही सर्किलों में विवेचना निस्तारण के सापेक्ष लंबित विवेचनाओं मे बढ़ोत्तरी प्रदर्शित हुई है। सर्किल सदर देहात में 08 व अनूपशहर में 36 विवेचनाओं की वृद्धि हुई है। दूसरी ओर, जनपद मेरठ के सरधना सर्किल, बुलन्दशहर के सिकन्द्राबाद सर्किल एवं हापुड़ के नगर सर्किल द्वारा विवेचना निस्तारण में अच्छा प्रदर्शन किया गया है, इनका कार्य व प्रयास सराहनीय रहा है। इसके अलावा, परिक्षेत्र के अन्य सर्किलों ने भी विवेचना निस्तारण अभियान के अन्तर्गत अच्छा प्रदर्शन किया है, जो शासन एवं मुख्यालय की मंशानुरुप है। 


डीआईजी ने बताया विवेचनाओं का हाल

मई तक की समीक्षा उपरान्त पाया गया कि अच्छा प्रदर्शन करने वाले सर्किल सिकन्द्राबाद में पूर्व की 384 विवेचना के सापेक्ष 301, हापुड़ नगर में 332 विवेचना के सापेक्ष 231 तथा सरधना में 269 विवेचनाओं के सापेक्ष 217 विवेचना लम्बित है। इनके द्वारा विवेचना निस्तारण में अच्छा प्रयास किया गया है, जो सराहनीय है। दूसरी ओर, सर्किल सदर देहात मेरठ में पूर्व की लम्बित विवेचना 268 के सापेक्ष 276 तथा अनूपशहर में 136 के सापेक्ष 172 हो गयी है। दोनों सर्किलों में विवेचना निस्तारण के सापेक्ष लम्बित विवेचनाओं में बढौत्तरी हुई है, जो कि निराशाजनक है। डीआईजी ने बताया कि परिक्षेत्र के जनपदों में विवेचकों की कोई कमी नहीं है, पर्याप्त संख्या में निरीक्षक, उपनिरीक्षक जनपदों में तैनात है, फिर भी मुख्यालय एवं परिक्षेत्र स्तर से चला जा रहे विवेचना निस्तारण अभियान में कुछ सर्किलों में विवेचनाओं का संतोषजनक निस्तारण नहीं हुआ है, इसके लिए क्षेत्राधिकारी द्वारा अपने-अपने सर्किलों में सही पर्यवेक्षण की आवश्यकता है।


एक विवेचक पर औसतन तीन से कम हो विवेचनाए

परिक्षेत्र के जनपदों में 266 निरीक्षक एवं 2621 उपनिरीक्षक नियुक्त है, जिनमें जनपद मेरठ में 90 निरीक्षक, 1161 उपनिरीक्षक, जनपद बुलन्दशहर में 77 निरीक्षक, 683 उपनिरीक्षक, जनपद बागपत में 51 निरीक्षक, 297 उपनिरीक्षक तथा जनपद हापुड़ में 48 निरीक्षक, 480 उपनिरीक्षक तैनात है। समीक्षा से पाया कि इस प्रकार एक विवेचक पर औसतन तीन से कम विवेचनाए होनी चाहिए। चारों जनपद प्रभारी को निर्देशित किया गया है कि टास्क के अनुसार विवेचनाओं का आवंटन कर अधिक से अधिक निस्तारण कराना सुनिश्चित करे। डीआईजी ने स्पष्ट किया कि विवेचनाओं का गुणवत्तापरक त्वरित निस्तारण हो, ताकि जनता को लाभ मिल सके, मुकदमों के समयबद्ध निस्तारण से जहां एक ओर जनता को समय से न्याय मिलता है, वहीं पुलिस के विरूद्ध आने वाली शिकायतों में भी कमी आती है।

No comments:

Post a Comment