राज्य विश्वविद्यालयों
में मेरठ को प्राप्त हुआ सर्वोच्च प्रथम स्थान
मितेंद्र कुमार गुप्ता
नित्य संदेश, मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए "क्रॉनिकल्स ऑफ इंडिया" द्वारा घोषित STEM रैंकिंग-2025 में देश के शीर्ष 100 विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अभियांत्रिकी एवं गणित संस्थानों में 86वां स्थान प्राप्त किया है। यह रैंकिंग संस्थान की अकादमिक गुणवत्ता, अनुसंधान नवाचार, अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं और गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
कुलपति प्रोफेसर संगीता
शुक्ला ने बताया कि विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश की समस्त राज्य विश्वविद्यालयों
में मात्र दो विश्वविद्यालय इस सूची में सम्मिलित हैं। जिनमें चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय
को सर्वोच्च स्थान प्राप्त हुआ है और वह पहले स्थान पर है। इस प्रतिष्ठित सूची में
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए 86वें स्थान पर अपनी जगह
बनाई है। "यह उपलब्धि हमारे विश्वविद्यालय परिवार, शिक्षकों, शोधार्थियों, कर्मचारियों
एवं विद्यार्थियों के सामूहिक परिश्रम, दूरदर्शिता और उच्च स्तरीय अनुसंधान व नवाचार
में किए गए कार्यों का परिणाम है। हम नई पीढ़ी को वैश्विक मानकों के अनुरूप STEM शिक्षा
देने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं और यह सम्मान हमें और अधिक प्रेरणा प्रदान करता है।"
STEM क्षेत्र में हो रहे वैश्विक परिवर्तनों को ध्यान में रखते हुए चौधरी चरण सिंह
विश्वविद्यालय ने हाल के वर्षों में कई नवाचार एवं सुधारात्मक कदम उठाए हैं।
विश्वविद्यालय के निदेशक
शोध प्रोफेसर बीरपाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह रैंकिंग राष्ट्रीय स्तर
की विभिन्न प्रमुख STEM संस्थाओं के प्रदर्शन, अनुसंधान प्रकाशनों, फैकल्टी गुणवत्ता,
नवाचार और छात्रों की उपलब्धियों के आधार पर तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि आने वाले
वर्षों में विश्वविद्यालय का लक्ष्य टॉप 50 STEM संस्थानों में स्थान बनाना है।
No comments:
Post a Comment