नित्य संदेश एजेन्सी
नोएडा। पाकिस्तानी सीमा हैदर पर युवक ने हमला कर दिया। शनिवार शाम को गुजरात से एक युवक सीमा के घर पहुंचा। आरोप है कि मेन गेट पर जोर-जोर से पैर मारे, फिर अंदर घुसते ही सीमा का गला दबाने लगा। उसने सीमा को तीन-चार थप्पड़ जड़ दिए। घटना से सीमा हैदर घबरा गईं और शोर मचा दिया। शोर सुनते ही उनके परिजन पहुंचे। हमलावर को पकड़ लिया। सीमा हैदर ने अफसरों को घटना की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची। सीमा की सास रितु मीणा की शिकायत पर कोतवाली प्रभारी रबूपुरा सुजीत कुमार ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। आरोपी ने बताया कि सीमा और सचिन का फैन है। सीमा ने उस पर काला जादू कर दिया है। हालांकि, पुलिस मारपीट की बात की पुष्टि नहीं कर रही है।
आरोपी युवक की पहचान गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले के टीबी हॉस्पिटल के पास रहने वाले तेजस झानी पुत्र जयेंद्र भाई के रूप में हुई है। युवक गुजरात से ट्रेन के जरिए दिल्ली आया। किसी तरह रबूपुरा स्थिति सीमा हैदर के घर पहुंच गया। ACP ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के बाद यूपी से पाकिस्तानी नागरिकों को वापस भेज दिया गया है। इस बीच ग्रेटर नोएडा में रह रहीं सीमा हैदर ने पीएम मोदी और सीएम योगी से उन्हें भारत में रहने देने की गुहार लगाई थी। सीमा हैदर ने हाथ जोड़कर कहा था- मैं बेटी पाकिस्तान की थी, लेकिन अब भारत की बहू हूं। इसलिए मुझे यहां रहने दिया जाए। मैं सचिन की शरण में हूं और इनकी अमानत हूं।
महिला पत्रकार पर भड़क गए थे सीमा के वकील
हाल में ही सीमा हैदर के वकील एपी सिंह का वीडियो सामने आया था। इसमें वह गुस्से में नजर आ रहे हैं। वह महिला पत्रकार को 'सीमा हैदर' की जगह 'सीमा मीणा' कहने के लिए कहते हैं। पत्रकार सीमा से सवाल पूछना चाहती है, लेकिन वकील उसे टोकते हुए कहते हैं- सीमा हैदर मत बोलो, सीमा मीणा बोलो। उसे हैदर नहीं बोलोगी।
सीमा हैदर का केस अलग, ATS के पास सारे कागजातः वकील
4 दिन पहले एंटी टेरर स्क्वॉड (ATS) के सोर्सेज से सीमा हैदर के केस का अपडेट लिया था। साथ ही उनके वकील से भी समझने की कोशिश की कि पाकिस्तानियों को वापस भेजने के आदेश से वो बच कैसे गई। सीमा के वकील एपी सिंह ने वे 3 कारण बताए, जिनकी वजह से सीमा हैदर को वापस पाकिस्तान नहीं भेजा गया। सीमा यहां वीजा लेकर नहीं आई। वो जब आई तो उसकी जांच हुई और वो गिरफ्तार भी हुई। अब भी जांच चल रही है। उसके लिए सरकार और जांच एजेंसियों ने जो गाइडलाइन बनाई है, वो उसका पालन कर रही है। इसलिए पहलगाम हमले के बाद बनी उस लिस्ट में वो शामिल नहीं की गई, जिन्हें पाकिस्तान भेजा जाना था।
दूसरा और सबसे अहम कवच उसका परिवार बना। उसके पति और ससुराल वाले सभी लोग भारतीय हैं। सबसे बड़ा कवच उसकी पांचवीं संतान यानी डेढ़ महीने पहले भारत में पैदा हुई उसकी बेटी है। हमारे कानून में सामान्य दशा में मां को बच्ची से अलग करने की प्रक्रिया नहीं है। वकील एपी सिंह का दावा है कि नेचुरलाइजेशन के नियम के आधार पर बच्ची जन्म के साथ भारतीय नागरिक है।
एपी सिंह के मुताबिक, सीमा हैदर ने यहां के तौर-तरीके से शादी की और हिंदू धर्म अपनाया। वो अब खुद को सीमा हैदर नहीं, बल्कि सीमा सचिन मीणा कहती है। तो क्या सीमा अब पूरी तरह से सुरक्षित है। वो अब भारत में ही रहेगी? इसके जवाब में एडवोकेट एपी सिंह कहते हैं, 'देखिए मैं बस इतना जानता हूं कि सीमा ने भारत के धर्म और संस्कृति को अपना लिया है।
No comments:
Post a Comment