Saturday, May 3, 2025

21 प्रभुजनों के प्रवेश के साथ हुआ अपना घर आश्रम का शुभारम्भ

 


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। आश्रयहीन, असहाय, बेसहारा एवं बीमार लोगों की सेवा के लिए अब मेरठ में दूसरे अपना घर आश्रम का शुभारम्भ 21 प्रभुजनों के प्रवेश के साथ हुआ। प्रवेश के समय प्रभुजनों को माला पहनाकर एवं मुँह मीठा कराकर किया गया।


इस आश्रम का नाम अपना घर आश्रम, सुखधाम, गाँव नंगला जमालपुर है, जिसके लिए भवन विशाल जैन द्वारा उपलब्ध कराया गया है। जिसकी आवासीय क्षमता 200 बैड की है, अब ऐसे लावारिस बीमार जो असहाय स्थिति में सार्वजनिक, धार्मिक, स्टेशन एवं बस स्टैंड आदि स्थलों के आस-पास बेहद दर्दनाक हालत में असीम गंदगी के साथ पड़े हुए या घूमते हुए देखे जाते हैं। उन्हें इस अपना घर आश्रम सुखधाम में आस-पास के धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों से रेस्क्यू कर लाया जाएगा। जिसके अन्तर्गत आवासियों (प्रभुजनों) के लिए हॉल, किचिन, डिस्पेंसरी, जनसुविधाएँ, भण्डार गृह, सेवासाथी आवास तथा कार्यालय इस परिसर में निर्मित किए गए हैं।


उल्लेखनीय है कि इस आश्रम का संचालन संस्था माँ माधुरी बृज वारिस सेवा सदन अपना घर संस्था भरतपुर राजस्थान द्वारा किया जा रहा है। जिनकी संख्या 12 राज्यों में 63 हो गई है तथा एक आश्रम काठमाण्डू नेपाल विदेश में भी संचालित है। जिनमें कुल प्रभुजी संख्या 15000 से अधिक है तथा सभी आश्रमों का दैनिक खर्च लगभग ₹30 लाख है, जिसमें भरतपुर आश्रम का ₹ 10.5 लाख होता है।

No comments:

Post a Comment