Thursday, February 20, 2025

बुलेरो के नीचे दबकर शुगर मिल के रिटायर्ड कर्मचारी की मौत

 


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। तेज गति से सड़क पर दौड़ रही बुलेरो ब्रेकर पर उछलकर पलट गई। सड़क पर साइकिल से जा रहे मवाना शुगर मिल से रिटायर्ड 65 वर्षीय वृद्ध कार के नीचे आकर दब गए। उनको अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों ने हंगामा किया, जिनको पुलिस ने शांत कराया। थाने में तहरीर दी गई है।

मवाना के मोहल्ला कल्याण नगर निवासी 65 वर्षीय प्रमोद पुत्र बलजीत सिंह शुगर मिल से रिटायर्ड थे। उनकी पत्नी को देहांत हो गया था। वे अकेले ही अपने भाइयों व भतीजों के साथ रहते थे। घटनाक्रम के अनुसार, गुरुवार सुबह प्रमोद साइकिल से कही जा रहे थे, जब वे मवाना शुगर मिल के सामने पहुंचे, तभी सामने से तेज गति से बुलेरो आ रही थी। अचानक ब्रेकर से टकराकर बुलेरो उछली और पलट गई। सड़क किनारे जा रहे प्रमोद उसकी चपेट में आ गए और नीचे दब गए। घायल अवस्था में उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई। मृतक के भाई अशोक और भतीजे विवेक ने हंगामा किया, लेकिन पुलिस ने समझा बुझाकर उनको शांति किया। फिलहाल तहरीर ले ली गई है, जिस पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

No comments:

Post a Comment