Wednesday, February 19, 2025

कब्र से निकली लाश, खोलेगी अपनी मौत का राज़


शाहिद खान 
नित्य संदेश, मेरठ। थाना सदर बाजार के भूसा मंडी निवासी युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उसकी मौत ससुराल में हुई थी, मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया था। डीएम और एसएसपी के आदेश पर बुधवार को पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने शव को कब्र से निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने पीएम रिपोर्ट के बाद जांच कर कार्रवाई की बात कही है।

सदर बाजार क्षेत्र के भूसा मंडी निवासी नईमुद्दीन की शादी ब्रहमपुरी इलाके की पीर वाली गली निवासी युवती से हुई थी। विवाह के कुछ दिनों बाद नईमुद्दीन ससुराल आकर रहने लगा था। गत 7 जनवरी 2025 को उसका संदिग्ध परिस्थितियों में निधन हो गया था। परिजनों ने तभी हत्या करने का आरोप ससुरालियों पर लगाया था, लेकिन ससुरालियों ने नईमुद्दीन के शव को अगले दिन यानि 8 जनवरी सुपुर्द-ए-खाक कर दिया था। नईमुद्दीन मां सकीना तभी से अधिकारियों के चक्कर लगा रही थी। सकीना ने मृतक की पत्नी व उसके परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया है। सकीना ने डीएम को प्रार्थना पत्र सौंपा, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। मंगलवार को सकीना एसएसपी से मिली और पुलिस पर कार्रवाई न करने के आरोप लगाए। एसएसपी ने तभी ब्रहमपुरी पुलिस को हड़काया था।

बुधवार को कोर्ट का आदेश लेकर 41 दिन बाद एसडीएम ब्रह्मपुरी नवनीत गोयल और सीओ ब्रह्मपुरी अंतरिक्ष जैन रेलवे रोड चौराहे के पास माईका तकिया पूर्वा महावीर कब्रिस्तान पहुंचें और शव को बाहर निकाला। कानूनी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। सीओ ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगा मौत का खुलासा होगा, उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



No comments:

Post a Comment