Saturday, February 15, 2025

छात्रों ने भारत टेक्स 2025 में लिया उद्योग जगत का अनुभव

 


नित्य संदेश ब्यूरो

नई दिल्ली। शोभित विश्वविद्यालय के नाइस स्कूल ऑफ बिजनेस स्टडीज के विद्यार्थियों ने भारत मंडपम में आयोजित भारत टेक्स 2025 में भाग लेकर टेक्सटाइल उद्योग की नवीनतम तकनीकों, बाजार प्रवृत्तियों और स्थिरता पहलों का गहन अध्ययन किया। यह वैश्विक स्तर का आयोजन विद्यार्थियों के लिए एक अद्वितीय अनुभव साबित हुआ, जहाँ उन्होंने उद्योग जगत के दिग्गजों से सीधा संवाद स्थापित किया।

विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों द्वारा संचालित ज्ञान सत्रों में भाग लिया, जहाँ टेक्सटाइल तकनीक, सतत उत्पादन और डिजिटल परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। इसके साथ ही, उन्होंने फैब्रिक उत्पादन, ऑटोमेशन और विपणन रणनीतियों में हो रहे नवाचारों को प्रत्यक्ष रूप से देखा और उद्योग संचालन को समझा। इस औद्योगिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को टेक्सटाइल प्रौद्योगिकी और फैशन मार्केटिंग से जुड़े पेशेवरों से मिलने और करियर के अवसरों पर चर्चा करने का अवसर भी मिला। सतत विकास (सस्टेनेबिलिटी) पर विशेष ध्यान देते हुए, उन्होंने इको-फ्रेंडली फैब्रिक्स, सर्कुलर इकोनॉमी मॉडल और सरकार द्वारा प्रायोजित हरित पहल के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। नाइस स्कूल ऑफ बिजनेस स्टडीज के निदेशक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार गुप्ता ने कहा, "ऐसे औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों के व्यावहारिक ज्ञान को समृद्ध करते हैं और उन्हें उद्योग की वास्तविक चुनौतियों और अवसरों को समझने का अवसर प्रदान करते हैं। भारत टेक्स 2025 जैसे आयोजन विद्यार्थियों के करियर विकास में सहायक सिद्ध होंगे। औद्योगिक भ्रमण का संयोजन डॉ. अभिषेक डबास, डॉ. अंशु चौधरी, डॉ. नेहा यजुर्वेदी और डॉ. प्रीति गर्ग द्वारा किया गया।

No comments:

Post a Comment