Wednesday, October 9, 2024

टीएलएम माध्यम से बिना किताबों के विद्यार्थीयों को पढ़ाई जा रही है अंग्रेजी

 


नवाचार मेले में इस्माईल कॉलेज की अध्यापिका रोजी सिद्दीकी ने अंग्रेजी विषय में प्रथम स्थान प्राप्त किया

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। पुरानी तहसील स्थित इस्माईल गर्ल्स नेशनल इंटर कॉलेज में कार्यरत रोजी सिद्दीकी (सहायक अध्यापिका, अंग्रेजी) ने विद्यार्थियों की एक बहुत बड़ी समस्या का हल निकालने के लिए ऐसा टीएलएम तैयार किया, जिससे कक्षा 9 से लेकर 12 तक के विद्यार्थी बिना किताब के अंग्रेजी के पाठ्यक्रम में आने वाले किसी भी टॉपिक को आसानी से समझ सकते हैं.

रोजी सिद्दीकी ने बताया कि उनके विद्यालय में पढ़ने वाले अधिकतर विद्यार्थी गरीब परिवार से हैं. जो किताबें खरीदने में भी असमर्थ हैं. इस समस्या को दूर करने के लिए अंग्रेजी साहित्य और ग्रामर के ऐसे टीएलएम (टीचिंग लर्निंग मटेरियल) तैयार किए गए, जो विद्यार्थियों को कक्षा में एक प्रैक्टिकल वातावरण प्रदान करते हैं, जिससे छात्राएं बिना भय के अंग्रेजी भाषा सीख लेते हैं. ध्यान रहे जिला प्रशिक्षण संस्थान छोटा मवाना (डायट) में कुछ दिन पूर्व दो दिवसीय नवाचार मेला एवं नॉलेज शेयरिंग कार्यक्रम में अध्यापिका रोजी सिद्दीकी ने अपने टीएलएम प्रस्तुत किए तथा कार्यक्रम में उपस्थित हुए समस्त अध्यापकों एवं अतिथियों को बताया कि कैसे हम इनका उपयोग अपने अध्यापन कार्य में करके कक्षा का वातावरण छात्राओं के लिए रुचिकर बना सकते हैं. इस नवाचार मेले में उन्होंने अंग्रेजी विषय में (माध्यमिक स्तर) पर प्रथम स्थान प्राप्त किया.

यह पुरस्कार जिला विकास अधिकारी नूपुर गोयल एवं डाइट प्राचार्य द्वारा प्रदान किया गया. इस टीएलएम को बनाने में उन्होंने घर के बेकार अर्थात वेस्ट मटेरियल का इस्तेमाल किया, जिसमें गत्ता, शादी के निमंत्रण पत्र एवं बचे हुए कागज के टुकड़ों का प्रयोग करके टीएलएम बनाएं. उन्होंने कहा अंग्रेजी एक अंतरराष्ट्रीय भाषा है इसको सीखने में छात्रों को कठिनाई का सामना करना पड़ता है, परंतु शिक्षण अधिगम सामग्री के द्वारा इसको रुचिकर एवं आसान बनाया जा सकता है।

No comments:

Post a Comment