Wednesday, September 18, 2024

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश शर्मा का सड़क दुर्घटना में निधन

 


-पत्रकार जगत में दौड़ी शोक की लहर, कई अखबारों में काम कर चुके थे मुकेश

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। कस्बा लावड़ निवासी वरिष्ठ पत्रकार मुकेश शर्मा का सड़क हादसे में निधन हो गया. मंगलवार देर रात मोटरसाइकिल से मवाना से लावड़ आते समय एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी. मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने उनके परिजनों को फोन कर सूचना दी. आनन-फानन में उन्हें मोदीपुरम स्थित एसडीएस ग्लोबल हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया. बुधवार की भोर तकरीबन 4 बजे उनकी सांसें थम गईं. मुकेश के परिवार में उनकी मां, भाई और उनकी पत्नी हैं.

मुकेश शर्मा ने पत्रकारिता की शुरूआत दैनिक जागरण से की थी, वे नेशनल दुनिया, दैनिक जनवाणी, सिटी हलचल से भी जुड़े रहे। फिलहाल वे नोएडा से प्रकाशित एक अखबार में मवाना से रिपोर्टिंग कर रहे थे। देर रात्रि साढ़े 11 बजे के आस-पास जब वे बाइक से लावड़ पहुंचे, बाइक का पहिया सड़क के गढ्डे में आ गया, बाइक का संतुलन बिगड़ा और मुकेश शर्मा नीचे गिर गए, तभी अज्ञात वाहन ने उनको कुचल दिया। पुलिस द्वारा मोदीपुरम के एसडीएस ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुधवार शाम उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। बतादे कि मुकेश शर्मा उत्तर प्रदेश ऑफ जर्नलिस्ट्स ऑफ एसोसिएशन से भी जुड़े थे और मवाना तहसील के प्रभारी थे। उनके निधन पर उपज के जिलाध्यक्ष अजय चौधरी ने दुख व्यक्त किया।

मुकेश शर्मा का अचानक चले जाना एक अपूरणीय क्षति: अजय चौधरी

यह बेहद दुखद समाचार है, और समझना कठिन है कि मुकेश शर्मा जैसे सम्माननीय व्यक्ति अब हमारे बीच नहीं रहे। उनके एक्सिडेंट की तस्वीर मैंने सुबह देखी, और आँखों से आंसू निकल आए। जब उन्हें उपज का तहसील अध्यक्ष मनोनीत किया गया था, उन्होंने एक बड़ी बैठक आयोजित कर अपनी नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया था। हर बार जब भी बातचीत होती, वह हमेशा कहते थे, "हम आपके छोटे भाई हैं, आप जब भी हमें आदेश देंगे, हम आपके साथ खड़े रहेंगे।"

जब भी मैंने उन्हें फोन किया, उन्होंने तुरंत फोन उठाकर बड़े आदर के साथ "बड़े भैया, नमस्ते" कहकर अभिवादन किया। वह हमेशा हंसमुख और विनम्र स्वभाव के व्यक्ति थे और अपनी लेखनी के माध्यम से मवाना में एक मजबूत पहचान बनाई थी।

इस प्रकार के उत्कृष्ट और धारदार लेखनी वाले पत्रकार का हमारे बीच से चला जाना एक अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिवार को इस दुखद घड़ी में सहनशक्ति दें।

No comments:

Post a Comment